मथुरा: धर्मनगरी में स्थित प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर रखी दान गुल्लक का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी रकम चोरी कर फरार हो गए। सोमवार सुबह मंदिर खुलने के समय घटना की जानकारी सामने आई।
सुरक्षा गार्ड ने दी मंदिर प्रशासन को सूचना
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब पांच बजे ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड की नजर मुख्य द्वार पर रखी गुल्लक पर पड़ी। जांच करने पर गुल्लक का ताला टूटा हुआ मिला। गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना मंदिर प्रशासन को दी, जिसके बाद अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।
Also Read: UP: सावन से पहले काशी में पर्यटन कारोबार को मिली रफ्तार, होटलों में तेज हुई एडवांस बुकिंग
पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी
मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। मंदिर प्रशासन की ओर से लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच के बाद जल्द ही चोरी का खुलासा होने की उम्मीद है।
व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
चोरी की घटना के बाद मंदिर के आसपास के दुकानदारों और व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों का कहना है कि विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल होने के बावजूद सुरक्षा इंतजामों में कमी नजर आ रही है। उन्होंने मंदिर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरों तक पहुंचने के लिए मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना ने एक बार फिर श्री द्वारकाधीश मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































