UP: मथुरा के गोवर्धन तहसील क्षेत्र के जाजम पट्टी स्थित गोपालपुर गांव में कुलदेवी मां मंशा मैया मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर रविवार को खुटेलपट्टी में सर्वसमाज की महापंचायत आयोजित की गई। पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाज के प्रतिष्ठित लोग और युवा शामिल हुए। लोगों ने मंदिर में हुई चोरी पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर चोरी की घटना पर हुई चर्चा
महापंचायत की शुरुआत मां मंशा देवी की विधिवत पूजा के साथ हुई। इसके बाद मंदिर के पुजारी अमित से चोरी की घटना को लेकर जानकारी ली गई। पुजारी ने बताया कि जांच के दौरान पूर्व में मंदिर सेवा से जुड़े कुछ पुजारियों द्वारा सामान घर ले जाने की बात सामने आई है। वहीं पूछताछ में उमेश पंडा द्वारा करीब एक किलो चांदी का मुकुट किसी अन्य व्यक्ति के पास होने की बात स्वीकार करने का दावा किया गया।
मंदिर से लाखों की संपत्ति चोरी होने से श्रद्धालुओं में नाराजगी
बताया गया कि मंदिर से चांदी का छत्र, मुकुट, एसी, इन्वर्टर, बड़ा घंटा, वाटर कूलर और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर गंभीर कदम उठाए जाने चाहिए।
मंदिर प्रबंधन व्यवस्था बदलने की उठी मांग
महापंचायत में सामाजिक कार्यकर्ता राहुल रारह ने मौजूदा पुजारी व्यवस्था को समाप्त कर मंदिर संचालन के लिए समिति बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने मंदिर में अब तक आए चढ़ावे और हुए खर्च का सार्वजनिक लेखा-जोखा जारी करने की मांग की। युवाओं ने कहा कि मंदिर समाज की आस्था से जुड़ा है और अब इसकी व्यवस्था समाज की निगरानी में होनी चाहिए।
Also Read: UP: सावन से पहले काशी में पर्यटन कारोबार को मिली रफ्तार, होटलों में तेज हुई एडवांस बुकिंग
नई समिति गठन का फैसला, निष्पक्ष जांच की मांग
महापंचायत के अंत में सर्वसम्मति से मंदिर की नई प्रबंधन समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही चोरी की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने और भविष्य में मंदिर की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर सहमति बनी। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































