UP: बरेली में अनुशासनहीनता पर एसएसपी का बड़ा एक्शन, सात पुलिसकर्मी निलंबित

बरेली: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अनुशासनहीनता और विभागीय नियमों के उल्लंघन के मामलों में सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. सभी मामलों में विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं. इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है.

पुलिस के अनुसार थाना क्योलड़िया में तैनात रिक्रूट आरक्षी पीयूष मोहन स्वीकृत सात दिन का आकस्मिक अवकाश समाप्त होने के बाद तीन जुलाई को ड्यूटी पर वापस नहीं लौटे और बिना अनुमति लगातार अनुपस्थित रहे. इसी तरह थाना मीरगंज में तैनात रिक्रूट आरक्षी अनिल कुमार भी पांच दिन का अवकाश समाप्त होने के बाद 14 जुलाई से लगातार गैरहाजिर चल रहे थे.

यूपी-112 परियोजना में तैनात आरक्षी सगुन कुमार तीन दिन का अवकाश समाप्त होने के बाद 20 जून को ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए. वहीं थाना इज्जतनगर में तैनात आरक्षी विवेक धामा पर भी अवकाश के बाद बिना अनुमति लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का आरोप है.

Also Read: UP: प्रेम विवाह के बाद युवती लापता, परिजनों ने पति पर हत्या कर शव गायब करने का लगाया आरोप

रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी अजय कुमार पर बिना सक्षम अनुमति पॉडकास्ट और इंटरव्यू रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तथा उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया नीति-2023 का उल्लंघन करने का आरोप है.

इसके अलावा आरक्षी सौरभ कुमार निर्धारित ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए और लगातार गैरहाजिर रहे. रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कुक विक्की कश्यप ने ड्यूटी के लिए बुलाए जाने के बावजूद आने से इनकार कर दिया और बाद में भी बिना अनुमति अनुपस्थित रहे.

एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच शुरू करा दी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता और विभागीय नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)