UP: घर में काम करने आई महिला ने उड़ाए लाखों के जेवर,चोरी का माल समेत किया गिरफ्तार

UP: आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में घरेलू सहायिका के रूप में काम पर रखी गई एक महिला ने विश्वास का फायदा उठाकर घर से लाखों रुपये के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी का सामान और नकदी बरामद कर ली।

काम अधूरा छोड़कर हुई फरार, बढ़ा शक

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 16 जुलाई को ताजगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 6 जुलाई को एक महिला को घरेलू काम के लिए रखा गया था। 9 जुलाई को वह काम करने आई, लेकिन बीच में ही बिना किसी सूचना के घर छोड़कर चली गई। अगले दिन उससे संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला, जिससे परिवार को संदेह हुआ।

Also Read: देवर पर छेड़छाड़ का आरोप, पति से लगाई गुहार तो उसी ने कर दी पिटाई…पति-ससुर समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

CCTV फुटेज ने खोली चोरी की पोल

शक गहराने पर जब घर में रखे आभूषणों की जांच की गई तो सोने और हीरे के कई कीमती जेवर गायब मिले। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई। फुटेज में महिला अपने सूट के भीतर आभूषण छिपाकर घर से बाहर निकलती हुई साफ दिखाई दी। इसी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

संयुक्त टीम ने आरोपी को दबोचा

घटना के खुलासे के लिए थाना ताजगंज पुलिस और नगर जोन की सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 23 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र के एक मोड़ से आरोपी भारती सिंह कौर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से चोरी की वारदात के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी मिली।

Also Read: मेरठ : नीले ड्रम कांड में सच्चाई की जीत, मुख्य आरोपी साहिल को फांसी, मुस्कान को उम्रकैद

गहने गलाकर बनाई सिल्ली, नकदी भी बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की दो पिघली हुई सिल्ली, एक सफेद धातु का ब्रेसलेट, तीन अंगूठियां, नौ सफेद मोती, एक हरा मोती, एक सोने की चेन, एक पेंडेंट, दो पिन टॉप और 11,800 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)