UP: फर्जी बैनामे के खेल का खुलासा, गोण्डा पुलिस ने वांछित आरोपी को दबोचा

गोण्डा: जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा कराने के मामले में वांछित आरोपी राकेश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को कटहाघाट पुल के पास से दबोचकर न्यायालय भेज दिया.

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

पुलिस के अनुसार, राधाकुंड निवासी मीरा श्रीवास्तव ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने आपसी मिलीभगत से कूटरचित एवं फर्जी दस्तावेज तैयार कर 21 अगस्त 2023 को उनकी भूमि का फर्जी बैनामा करा लिया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 814/2024 एवं 815/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराओं 419, 420, 467, 468, 471 और 120-बी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों में राकेश तिवारी की भूमिका सामने आने पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी. शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कटहाघाट पुल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भूमि से जुड़े फर्जीवाड़े और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से भूमि संबंधी धोखाधड़ी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)