चंदौली: शनिवार थाना बलुआ पुलिस ने गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 गोवंश से लदी एक बोलेरो पिकअप वाहन को बरामद किया है. पुलिस ने मौके से एक आरोपित को गिरफ्तार किया, जबकि भागने के प्रयास में पुल से नीचे कूदने वाले दो अन्य आरोपित गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई.
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना बलुआ पुलिस की टीम शनिवार सुबह तिरगावां-सैदपुर गंगा नदी पुल पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक सफेद बोलेरो पिकअप (संख्या- UP65QT6389) को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखकर वाहन चालक घबरा गया और वाहन बंद हो गया. इसके बाद उसमें सवार तीनों युवक वाहन छोड़कर भागने लगे.
पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर शक्ति कुमार पुत्र वासुदेव, निवासी सरताला मोकलपुर, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं शिवांशू कुमार और काजू कुमार पुल से नीचे गंगा नदी के रेतीले क्षेत्र में कूद गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तत्काल सीएचसी चहनियां पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया. उपचार के दौरान काजू कुमार की मृत्यु हो गई, जबकि शिवांशू कुमार का इलाज जारी है.
पुलिस ने जब बरामद बोलेरो पिकअप की तलाशी ली तो उसमें तिरपाल के नीचे क्रूरतापूर्वक बांधकर लादे गए 11 गोवंश बरामद हुए. सभी गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराकर आवश्यक कार्रवाई की गई तथा वाहन को कब्जे में ले लिया गया.
इस मामले में थाना बलुआ पर मु0अ0सं0 0212/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/5B/8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा पशु परिवहन नियम 1970 एवं संशोधित नियम 2001 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अरविंद सोनकर सहित थाना बलुआ पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































