UP: इटावा में सपा छात्रसभा का हस्ताक्षर अभियान, जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवन गिराने के आदेश का विरोध

इटावा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश तथा छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा के आदेश पर समाजवादी छात्रसभा इटावा ने कर्म क्षेत्र महाविद्यालय स्थित के.के. डिग्री कॉलेज में मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया। कार्यक्रम का नेतृत्व छात्रसभा के जिलाध्यक्ष रवी यादव विधायक ने किया। अभियान में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर ध्वस्तीकरण आदेश पर पुनर्विचार की मांग की और विरोध दर्ज कराया।

जिलाध्यक्ष रवी यादव ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा और छात्रों के हितों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कोई नया विश्वविद्यालय स्थापित नहीं किया, बल्कि पहले से संचालित शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय रामपुर के हजारों-लाखों छात्रों की शिक्षा का प्रमुख केंद्र है और इसके 38 भवनों को ध्वस्त करने का आदेश दुर्भाग्यपूर्ण है।

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

रवी यादव ने जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई का भी उल्लेख करते हुए सरकार पर छात्र विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब छात्र वर्ग सरकार की नीतियों को समझ चुका है और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहा है।

हस्ताक्षर अभियान में जिला प्रमुख महासचिव प्रदीप कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक यादव, अंकुश बुलेट, कोषाध्यक्ष ऋषि कुमार, सुखबीर यादव, जीतू शर्मा, प्रमोद कुमार, लालू यादव, गौरव दिवाकर, प्रज्ज्वल यादव, शिवम कुमार, प्रिंस कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)