UP: रायबरेली में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से नाराज अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सोमवार को विद्युत खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सुपर मार्केट स्थित कार्यालय के बाहर व्यापारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिशासी अभियंता का घेराव किया और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि लगातार बिजली बाधित होने से बाजार की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
उमस भरी गर्मी में कटौती पर जताई नाराजगी
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा प्रदेश अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बीच व्यापारिक समय में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अघोषित कटौती के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है और विभाग को तत्काल इस व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।
तकनीकी खराबी की पूर्व सूचना देने की मांग
जिला अध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता और महामंत्री संदीप शुक्ला ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में तकनीकी खराबी या फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित करनी पड़े, तो इसकी पूर्व सूचना व्यापार मंडल को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही व्यापारिक इलाकों में तैनात जूनियर इंजीनियरों को सक्रिय रखते हुए शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि व्यापारियों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
बिना जानकारी बढ़ाए गए बिजली लोड पर उठाए सवाल
नगर अध्यक्ष केके गुप्ता और जिला युवा अध्यक्ष पंकज प्रजापति ने आरोप लगाया कि कई व्यापारियों का विद्युत लोड बिना पूर्व सूचना और सहमति के बढ़ा दिया गया है। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए विभाग से ऐसे सभी मामलों की समीक्षा कर बढ़ाए गए अतिरिक्त लोड को तत्काल निरस्त करने की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि इससे उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
बिजली विभाग ने समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
प्रदर्शन के बाद अधिशासी अभियंता (प्रथम) कपिल कुमार ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर में अघोषित बिजली कटौती को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। इस दौरान आलोक सिंह, बीके रावत, सुमित गोयल, बृजलाल अग्रवाल, प्रिंशु, शिखर श्रीवास्तव, बबलू शुक्ला, सुरेश गोयल, हंसराज सावलानी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































