कांवड़ यात्रा 2026: सहारनपुर में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर जिला शिव कांवड़ सेवा संघ ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. संघ के जिलाध्यक्ष संजय फुटेला ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होकर श्रावण मास की त्रयोदशी तक चलेगी. इस दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के लाखों शिवभक्त सहारनपुर से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिले भर में करीब 85 कांवड़ सेवा शिविर स्थापित किए जाएंगे. इनमें 52 शिविर सहारनपुर महानगर के 13 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर लगाए जाएंगे. शिविरों में कांवड़ियों के लिए निशुल्क भोजन, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, विश्राम स्थल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
संजय फुटेला ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा का मुख्य संदेश “हरित, स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित कांवड़ यात्रा” रहेगा. उन्होंने सभी शिविर संचालकों और श्रद्धालुओं से सिंगल यूज प्लास्टिक, पॉलीथीन, डिस्पोजल बर्तन और प्लास्टिक की सजावटी सामग्री का प्रयोग पूरी तरह बंद करने की अपील की. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष स्टील के बर्तनों के उपयोग से करीब 80 प्रतिशत तक डिस्पोजल सामग्री का इस्तेमाल कम हुआ था, जबकि इस बार लक्ष्य 100 प्रतिशत प्लास्टिक और डिस्पोजल मुक्त कांवड़ यात्रा का रखा गया है.
उन्होंने कांवड़ियों से शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने, अत्यधिक ऊंची कांवड़ और झांकियों से बचने तथा धार्मिक आस्था के अनुरूप मर्यादित प्रस्तुति देने की अपील की. साथ ही झांकियों में किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक गीत-संगीत या नृत्य से परहेज करने का भी आग्रह किया.
प्रेस वार्ता के दौरान जिला शिव कांवड़ सेवा संघ ने प्रशासन और खाद्य विभाग से कांवड़ मार्ग पर संचालित ढाबों, होटलों और भोजनालयों की नियमित जांच कराने, शुद्ध भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने की मांग की. संघ का कहना है कि सभी के सहयोग और नियमों के पालन से कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सकेगी.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































