UP: फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था चोरी की बाइक, मुगलसराय पुलिस ने आरोपी को दबोचा

चंदौली: अपराध और वाहन चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो बाइक और एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है.

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को शिवाला चौकी के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर वाहन के कागजातों की जांच की. जांच के दौरान बाइक पर लगी नंबर प्लेट संदिग्ध मिली. गहन पड़ताल में पता चला कि वाहन चोरी का है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.

Also Read: कांवड़ यात्रा 2026: सहारनपुर में 85 सेवा शिविर तैयार, प्लास्टिक पर रहेगा पूरा प्रतिबंध

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविन्द यादव (35 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मुक्खू यादव, निवासी नई बस्ती मवईकला, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने बताया कि उसने मोटरसाइकिल को चोरी का होने की जानकारी के बावजूद कम कीमत पर खरीदा था. पहचान छिपाने के लिए उसने लंबे समय तक बाइक को घर में रखा और बाद में उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर सड़क पर चलाने लगा.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की, जिसका वास्तविक पंजीकरण नंबर UP60N8291 है, जबकि उस पर UP65AM3939 की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी. इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया.

इस मामले में थाना मुगलसराय में मु.अ.सं. 374/2026 के तहत धारा 238, 317(2) एवं 317(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गोविन्द यादव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाइक उसे किसने बेची और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी शिवाला उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, हेड कांस्टेबल रवि यादव तथा कांस्टेबल विकास यादव की अहम भूमिका रही. पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में वाहन चोरों और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)