UP: इटावा में दबंगों का खूनी तांडव, फावड़े से सिर पर वार, युवक गंभीर हालत में सैफई अस्पताल में भर्ती

UP: इटावा के सैफई थाना क्षेत्र स्थित पिंडारी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने विवाद के दौरान पहले लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की और बाद में फावड़े से सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

परिजनों ने लगाए लगातार प्रताड़ना के आरोप

घायल के परिजनों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से पीड़ित को परेशान कर रहे थे। उनका आरोप है कि पहले भी कई बार विवाद की स्थिति बनी थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इस बार विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

Also Read: ‘गृह मंत्री अमित शाह ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया…’, बोले राहुल गांधी

सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

पुलिस को दी गई नामजद तहरीर

पीड़ित परिवार ने सैफई थाने में लिखित शिकायत देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि पूर्व में की गई शिकायतों पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो इस तरह की गंभीर घटना को रोका जा सकता था।

Also Read: इटावा: हाईवे पर अनाज खरीद से हंगामा! रोज लग रहा जाम, प्रशासन पर उठे सवाल

जांच में जुटी पुलिस, गांव में तनाव

पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पिंडारी गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)