UP: DCM में बेजुबानों पर बेरहमी, 14 भैंसों को ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे थे तस्कर, पुलिस ने बीच रास्ते दबोचा

बांदा: देर रात पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डीसीएम वाहन से 14 भैंसें बरामद की हैं। आरोप है कि सभी बेजुबान पशुओं को क्षमता से कहीं अधिक संख्या में बेहद अमानवीय तरीके से वाहन में भरकर ले जाया जा रहा था। मुखबिर की सूचना मिलते ही थाना मटौंध पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 28/29 जुलाई की रात ग्राम दुरेड़ी के पास चौकी भूरागढ़ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध डीसीएम वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर 14 भैंसें ठूंसकर भरी हुई मिलीं, जिन्हें देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। इसके बाद सभी पशुओं को सुरक्षित कब्जे में लिया गया और परिवहन में प्रयुक्त डीसीएम वाहन को सीज कर दिया गया।

Also Read: सहारनपुर में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; एसी आउटडोर समेत चोरी का सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद पुत्र मजीद और जसीम पुत्र शकील, निवासी कोर्रही थाना बिसंडा, जनपद बांदा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को पशु क्रूरता के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। बेजुबान पशुओं के साथ बेरहमी करने वालों पर पुलिस की सख्ती से जिले में हड़कंप मच गया है और इस कार्रवाई की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)