मैनपुरी: ब्लॉक जागीर क्षेत्र के अजीतगंज स्थित कृपा धाम आश्रम में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया. गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शिष्य आश्रम पहुंचे. श्रद्धालुओं ने आचार्य स्वदेश अग्निहोत्री का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर उनके चरणों में नमन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया. पूरे दिन आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और गुरु वंदना के जयघोष गूंजते रहे.
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ. इस दौरान शिष्यों ने आचार्य स्वदेश अग्निहोत्री का माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया. श्रद्धालुओं ने गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा और आस्था व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
इस अवसर पर आचार्य स्वदेश अग्निहोत्री ने अपने प्रवचन में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु वह शक्ति है, जो मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है. गुरु के मार्गदर्शन से व्यक्ति न केवल जीवन में सफलता प्राप्त करता है, बल्कि उसे आत्मिक शांति और संतुष्टि भी मिलती है. उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु के बताए मार्ग पर चलने और सदैव सत्य एवं धर्म का पालन करने का आह्वान किया.
Also Read: ‘गृह मंत्री अमित शाह ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया…’, बोले राहुल गांधी
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कृपा धाम आश्रम में भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया. भक्ति गीतों और भजनों से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान और गुरु की आराधना करते नजर आए. इस दौरान आश्रम को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे परिसर की सुंदरता देखते ही बन रही थी.
कार्यक्रम के समापन पर आश्रम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. श्रद्धालुओं की सेवा और आयोजन की व्यवस्थाओं में आश्रम के सेवकों एवं शिष्यों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया. सुबह से देर शाम तक आश्रम में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. गुरु पूर्णिमा के इस आयोजन के दौरान पूरा कृपा धाम आश्रम श्रद्धा, भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया.
















































