सिर्फ एक लाइन और खत्म हो गई जिंदगी! बांदा में फांसी पर लटका मिला युवक, सुसाइड नोट से खुले कई राज

UP: बांदा शहर के बिजली खेड़ा मोहल्ले में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक का शव घर की छत पर बने बरामदे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने घटना की जानकारी मिलते ही शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की फोटोग्राफी कराने के साथ ही आसपास के लोगों से भी प्रारंभिक जानकारी जुटाई गई। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से शुरू कर दी गई है।

Also Read: UP: घरेलू कलह बनी जानलेवा! पत्नी के मायके जाने के बाद दिव्यांग युवक ने लगाई फांसी

कथित सुसाइड नोट ने बढ़ाई रहस्य की परतें

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक कथित सुसाइड नोट मिला है। पुलिस के अनुसार, नोट में केवल एक पंक्ति लिखी थी मुझे उसकी इज्जत से नहीं खेलना चाहिए था। इस एक वाक्य ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नोट में लिखे “उसकी” शब्द से किस व्यक्ति का जिक्र किया गया है और इसके पीछे की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।

मोबाइल, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया की होगी जांच

पुलिस का कहना है कि मामले में जल्दबाजी में कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जाएगा। कथित सुसाइड नोट की सत्यता की जांच कराई जाएगी। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सोशल मीडिया गतिविधियों और करीबी लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच की दिशा और स्पष्ट होगी।

Also Read: रायबरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी, गैंगस्टर एक्ट में वांछित उन्नाव का शातिर सौरभ वर्मा गिरफ्तार

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने किसी भी तरह की अटकलों से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)