बहराइच में खेत की रखवाली कर रहे किसान पर तेंदुए का हमला, ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत परवानी गोढ़ी गांव में गुरुवार सुबह खेत की रखवाली कर रहे एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। किसान के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल किसान को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, परवानी गांव निवासी पुजारी (48) अपने घर से करीब 300 मीटर दूर खेत में फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उनकी जान बचाई।

Also Read: अमेठी: कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, शिवालयों में सुरक्षा और सुविधाओं की व्यापक तैयारी

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वन क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, अकेले खेतों में न जाने तथा समूह में कार्य करने की अपील की है।

लगातार हो रही वन्यजीवों की गतिविधियों से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द से जल्द पिंजरा लगाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)