UP: चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इनामी गौतस्कर गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल तक फैला था नेटवर्क

चंदौली: जनपद पुलिस ने गोतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। थाना इलिया पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को माल्दह पुलिया के पास स्थित काली माता मंदिर के समीप से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव पुत्र शिवलोचन यादव, निवासी नैपुराकला, थाना लंका, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना इलिया में दर्ज गोतस्करी के मुकदमे में गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गुरुवार को थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय और प्रभारी निरीक्षक स्वाट/एसओजी रामजनम यादव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 110 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

Also Read: अमेठी: कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, शिवालयों में सुरक्षा और सुविधाओं की व्यापक तैयारी

पुलिस ने बताया कि इससे पहले थाना इलिया क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया था। इस दौरान वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी थी, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था। वाहन की तलाशी में आठ गोवंश बरामद हुए थे, जिनमें तीन मृत और पांच जीवित अवस्था में मिले थे। मौके से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक मिस फायर कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ था।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ गोवंशों को खरीदकर और इकट्ठा कर पिकअप वाहन में लादकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाकर अधिक कीमत पर बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चंदौली के बबुरी, सैयदराजा, इलिया तथा प्रयागराज के हंडिया गंगानगर थाने सहित विभिन्न स्थानों पर गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट एवं अन्य धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)