जौनपुर: जिले के शाहगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गंगा राम गौतम ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रफीक फारूकी समेत सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अपनी-अपनी ड्यूटी पर मौजूद मिले।
सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं और इलाज की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। मरीजों से दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी फीडबैक लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार, आवश्यक दवाएं और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रफीक फारूकी ने स्वास्थ्य केंद्र में संचालित सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)



















































