UP: 15 दिन से ट्रांसफार्मर खराब, बिजली को तरसे ग्रामीण, NH-35 पर लगाया जाम, 2 घंटे थमा रहा यातायात

UP: बांदा गांव में 15 दिन से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, बिजली के लिए ग्रामीण लगातार शिकायत कर रहे थे, लेकिन जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों का सब्र टूट गया। करीब 100 ग्रामीण सड़क पर उतर आए और NH-35 पर भरखरी गेट के पास जाम लगा दिया। जाम लगते ही हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे बने कि एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। राहगीरों को काफी देर तक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों के मुताबिक, बड़ोखर खुर्द ब्लॉक के भरखरी गांव के भवानीपुरवा मजरे में करीब 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। बिजली न आने से पेयजल संकट खड़ा हो गया है। खेती-किसानी भी प्रभावित है और ग्रामीणों का कहना है कि धान की बेड सूखने की कगार पर पहुंच गई है।

Also Read: आजमगढ़: प्रेमिका से शादी की जिद, 300 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, कूदने की दी धमकी

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया और हाईवे जाम कर दिया। हाईवे जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों से बातचीत कर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया। इसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम खोला गया और यातायात बहाल हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो आंदोलन और बड़ा किया जा सकता है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.