UP: बांदा में तेज रफ्तार वाहन ने महिला को कुचला, मदद के इंतजार में तड़पती रही, शव की पहचान में जुटी पुलिस

UP: बांदा में शनिवार को पनगरा और रिसौरा के बीच सड़क पर एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। सड़क की पटरी पर पैदल जा रही एक अज्ञात महिला को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद महिला गंभीर हालत में सड़क पर गिर पड़ी और काफी देर तक मदद के इंतजार में तड़पती रही। वहीं, टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

महिला सड़क किनारे पैदल जा रही थी, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस को सूचना काफी देर बाद दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली के दारोगा राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Also Read: UP: खून से सने हाथ बन रहे आत्मनिर्भर, कैदियों के प्रोडक्ट्स की बाजार में डिमांड, जेल से ही पाल रहे परिवार

सबसे मार्मिक बात यह रही कि मृतका की पहचान तक नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा की मर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अब महिला की पहचान कराने के साथ-साथ हादसे को अंजाम देकर फरार हुए वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि मृतका की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अज्ञात वाहन चालक की तलाश भी की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)