गोण्डा: देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित ‘माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ में महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम में कुल 35 शिकायतों का निस्तारण कराया गया।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं की जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई।
समीक्षा के दौरान रमवापुर गोविन्दा निवासी शुफ़िया बानो का पात्र गृहस्थी योजना का राशन कार्ड बनवाया गया। वहीं तरबगंज क्षेत्र की नीलम के सीमा विवाद का दोनों पक्षों की आपसी सहमति से समाधान कराया गया। कर्नलगंज क्षेत्र की सरस्वती की भूमि की पैमाइश कराकर निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया मंडल प्रशासन के अनुसार ‘माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी मंच बन रहा है। राशन कार्ड, भूमि विवाद, वरासत, पेंशन, आय प्रमाण पत्र और घरेलू उत्पीड़न सहित विभिन्न समस्याओं पर कार्रवाई कर महिलाओं को राहत दी जा रही है।



















































