रायबरेली: सलोन में पुलिस मुठभेड़ के बाद दुष्कर्म का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

रायबरेली: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को सलोन पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि बुधवार को सलोन पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग और वांछित अपराधियों की धरपकड़ में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के अभियोग में वांछित आरोपी मुन्ना कुरैशी भागने की फिराक में कोडरी के जंगल में छिपा हुआ है।

Also Read:उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

पुलिस टीम पर झोंका फायर

​सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कोडरी के जंगल की घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ व साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ सीमित व नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली आरोपी मुन्ना कुरैशी पुत्र मोईन निवासी धरई, थाना सलोन के बांये पैर में जा लगी, जिससे वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

​तमंचा और कारतूस बरामद

​एएसपी आलोक सिंह ने बताया कि मौके से घायल अभियुक्त के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। ​आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)