UP: मुरादाबाद के थाना मैनाठेर क्षेत्र के लालपुर हमीर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अंजाना उर्फ अंजुम के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के 10 से अधिक लोगों पर दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
2015-16 में हुई थी शादी, चार बच्चों की मां थी अंजाना
मृतका के भाई इस्लाम के अनुसार, अंजाना की शादी वर्ष 2015-16 में लालपुर हमीर निवासी मुजस्सिर के साथ हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं, जिनमें फैसल, हैदर, मरियम और चार माह की बेटी मन्नत शामिल हैं। परिजनों का कहना है कि अंजाना की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के सामने भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
Also Read: डेढ़ महीने में खाते से उड़ाए 6.75 लाख…आजमगढ़ में 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
दूसरी महिला से बातचीत को लेकर होता था विवाद
मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि अंजाना का पति मुजस्सिर किसी दूसरी महिला से बातचीत करता था। अंजाना द्वारा इसका विरोध किए जाने पर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज को लेकर अंजाना को प्रताड़ित करते थे और इसी के चलते उसकी हत्या की गई।
तबीयत बिगड़ने की सूचना पर पहुंचे मायके वाले
परिजनों के मुताबिक, अंजाना की तबीयत खराब होने की जानकारी उन्हें उसके बहनोई के माध्यम से मिली। मायके के लोग जब लालपुर हमीर पहुंचे तो उन्हें घटना की परिस्थितियां संदिग्ध नजर आईं। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
10 से अधिक लोगों पर आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में परवीन, अमरीन, फहीन, फरहा, मुजम्मिल, मुजस्सिर, मुकम्मिल, फारूक, आमना और सुब्हान समेत अन्य लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मायके पक्ष ने शव उठाने का विरोध भी किया। बाद में सीओ बिलारी के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































