UP: अब थाने के चक्कर नहीं, WhatsApp पर मिलेगी FIR की कॉपी, फतेहपुर पुलिस ने लागू की नई व्यवस्था

फतेहपुर: एफआईआर दर्ज कराने के बाद उसकी प्रति लेने के लिए अब वादियों को थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर फतेहपुर पुलिस ने वादियों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत एफआईआर पंजीकृत होते ही उसकी प्रति वादी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा।

तकनीक का इस्तेमाल करते हुए पुलिस अब एफआईआर की प्रति वादी के व्हाट्सऐप पर भेजेगी। यदि कोई वादी व्हाट्सऐप का उपयोग नहीं करता है तो संबंधित हल्का या बीट आरक्षी उसके घर पहुंचकर एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराएगा। प्रति सौंपते समय वादी के साथ फोटो लेकर उसे संबंधित थाने के अभिलेख में सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि भविष्य में प्रति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का सत्यापन किया जा सके।

Also Read: UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि महिला वादियों की गरिमा और निजता का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराई जाए। एसपी ने स्पष्ट किया है कि व्यवस्था के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी वादी को एफआईआर दर्ज होने की जानकारी या उसकी प्रति समय से नहीं मिलती है तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि नई व्यवस्था से वादियों के समय और श्रम की बचत होगी। साथ ही एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। फतेहपुर पुलिस ने इसे जनसुविधा, सम्मान और विश्वास को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)