UP: जलजमाव से बेहाल बहादुरपुर, शहीद अवधेश यादव मार्ग पर रोज गिर रहे स्कूली बच्चे; ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

चंदौली: बहादुरपुर गांव में जल निकासी की समस्या को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शहीद अवधेश यादव मार्ग पर लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी होने से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क नीची होने और नाली क्षतिग्रस्त होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। सड़क पर पानी जमा रहने से राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी हो रही है। आए दिन बच्चे जलजमाव के बीच फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से बनी इस समस्या के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

ALSO READ: गोण्डा: स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 वाहन जब्त और 7 का चालान

ग्रामीण सुरेंद्र यादव ने बताया कि शहीद अवधेश यादव मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके बावजूद सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ओर से कई बार समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया, लेकिन मौके पर स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं हुआ।

Also Read: UP: रायबरेली में BJP की बड़ी सेंध की तैयारी! 24 अगस्त को योगी की मेगा जनसभा, गांधी गढ़ पर नजर

वहीं, बहादुरपुर के पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव ने बताया कि नाले की पूरी सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। सफाईकर्मी केवल ऊपर से कचरा निकालकर चले जाते हैं, जबकि नाले की गहराई तक सफाई नहीं की जाती। उनका कहना है कि यह समस्या केवल बारिश के पानी की वजह से नहीं है, बल्कि नाले की उचित सफाई और जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लगातार जमा रहता है। इससे आसपास रहने वाले परिवारों को भी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले में एडीओ पंचायत, ग्राम सचिव और पूर्व जिलाधिकारी को भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप कर नाले की शुरुआत से लेकर गंगा नदी तक पूरी सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)