UP: चंदौली में शनिवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़क की भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की ओर से मुगलसराय रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक और दो के सामने दक्षिणी पटरी पर स्थित करीब 20 से 25 दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में अनधिकृत रूप से बनाए गए पक्के दुकान-मकान को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि मोहनसराय-पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर-चकिया मार्ग (एसएच-120) की दक्षिणी पटरी पर राजस्व ग्राम कूढ़कला, परगना मवई में सड़क और रेलवे के नाम दर्ज भूमि पर पक्के निर्माण किए गए हैं। विभाग ने इन्हें अतिक्रमण बताते हुए संबंधित लोगों से भूमि से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।
Also Read: UP: फतेहपुर में 28 हॉटस्पॉट पर पुलिस का शिकंजा, एक सप्ताह में बनेंगी अस्थायी चौकियां
नोटिस के अनुसार संबंधित दुकानदारों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है। इसके लिए 7 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे उपजिलाधिकारी कार्यालय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में व्यक्तिगत सुनवाई निर्धारित की गई है। दुकानदार सुनवाई के दौरान भूमि से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर सकेंगे।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार के अनुसार, करीब 20 से 25 दुकानदारों को नोटिस दिया गया है और उन्हें दुकानें हटाने के लिए 20 दिन का समय दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वैध कागजात नहीं मिलने या निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


















































