बलिया में मछली पालन के नाम पर 4 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप, पीड़ितों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में मछली पालन व्यवसाय में निवेश और जल्द मुनाफा लौटने का झांसा देकर लगभग 20 लोगों से करीब 4 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ितों ने एक जुट होकर पुलिस अधीक्षक को सामूहिक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच और धन वापसी की मांग की है।

बलिया के बसन्तपुर गांव के रहने वाले शिकायतकर्ता अमित कुमार मिश्रा सहित ज्ञान प्रकाश तिवारी, संजय कुमार पांडेय, धनंजय कुमार यादव, सत्यनारायण उर्फ नागा, धीरज कुमार सिंह, राणा प्रताप सिंह, नील कमल सिंह, संजीत कुमार सिंह आदि ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि शिवपुर दतिवार निवासी एवं वर्तमान में सावित्री नगर पहाड़ीपुर में रहने वाले हरेराम साहनी ने मछली पालन व्यवसाय में लगाने और जल्द ही पूरी धनराशि वापस करने का भरोसा दिलाया था।

ALSO READ: गोण्डा: स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 वाहन जब्त और 7 का चालान

पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई, बचत तथा घर के आवश्यक सामान व जेवरात बेचकर, गिरवी रखकर आरोपी को नकद व बैंक खातों में UPI, NEFT के माध्यम से लगभग 4 करोड़ रुपये सौंपे थे। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि भुगतान के आश्वासन के तौर पर चेक भी दिए थे, लेकिन अब वह रकम लौटने से साफ इनकार कर रहा है। पीड़ितों का गंभीर आरोप है कि वैध धनराशि मांगने पर आरोपी उन्हें छेड़खानी के झूठे मुकदमे में फंसाने, खुद को नुकसान पहुंचाकर पीड़ितों को फंसाने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित कर दबाव बनाने की धमकी दे रहा है।

Also Read: रायबरेली: रूट से लेकर पार्किंग तक पैनी नजर, सीएम योगी के दौरे को लेकर रायबरेली पुलिस ने झोंकी ताकत

मीडिया के कैमरे पर पीड़ितों ने आशंका जताई है कि आरोपी अपनी चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों व व्यवसायिक लेन-देन की वास्तविक स्थिति छिपाकर धनराशि हड़पने और फरार होने की फिराक में है। एसपी से मांग किया कि मामले की जांच किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के पर्यवेक्षण में निष्पक्ष रूप से कराई जाए। बैंक खातों, लेन-देन के डिजिटल साक्ष्यों और दिए गए चेकों की विस्तृत जांच हो।

आरोपी के बैंक खातों व संपत्तियों की जांच कर आवश्यक होने पर आयकर विभाग और वित्तीय जांच एजेंसियों को भी प्रकरण भेजा जाए। साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धराओं में प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई और पीड़ितों की धनराशि की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग किया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)