सीतापुर: महमूदाबाद कोतवाली में शुक्रवार को पति-पत्नी और एक युवक के बीच रिश्ते को लेकर अजीबोगरीब मामला सामने आया। पति शुभम वर्मा, पत्नी अंजू और नितिन विश्वकर्मा के बीच काफी देर तक बातचीत और समझौते की कोशिश चलती रही। महिला ने पति के साथ-साथ नितिन के साथ भी रहने की इच्छा जताई।
पति ने भी जताई साथ रहने की सहमति
मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पति शुभम ने भी पत्नी और नितिन के साथ रहने पर सहमति जताई। दंपती के दो बच्चे हैं और उन्हें भी साथ रखने की बात कही जा रही है। शुभम का कहना है कि वह पत्नी और नितिन दोनों का साथ नहीं छोड़ेगा, चाहे इसके लिए उसे अपना घर ही क्यों न छोड़ना पड़े।
पहले से घर आता-जाता था नितिन
बताया जा रहा है कि नितिन विश्वकर्मा पहले से ही शुभम के घर आता-जाता था और कई बार वहां रुकता भी था। शुभम उसे अपना भाई मानने की बात कहता है। दोनों के साथ बैठकर खाना खाने की बात भी सामने आई है। हालांकि परिवार के अन्य सदस्य इस तरह साथ रहने के फैसले का विरोध कर रहे हैं।
अंजू ने कहा- दोनों के साथ रहना चाहती हूं
महिला अंजू का कहना है कि उसके परिवार और दोनों पक्षों के लोगों को पहले से पता है कि वह पति और नितिन के साथ रहना चाहती है। अंजू का कहना है कि उसे पति और प्रेमी में से किसी एक को छोड़ने के लिए मजबूर न किया जाए। वह दोनों के साथ रहने की अपनी इच्छा पर कायम है।
Also Read: UP: बहराइच में 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, थाना परिसर से हुआ था फरार
पुलिस ने समझौते का किया प्रयास
मामला कोतवाली पहुंचने के बाद कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने दोनों पक्षों और परिवार के सदस्यों को बुलाकर समझाने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन फिलहाल कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। इस अनोखे मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































