UP: सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों का धरना रात से ही जारी है। भायला-नैनोटा मार्ग पर ग्रामीण बिजली व्यवस्था में सुधार और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के नेता कार्तिकेय राणा मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत की।
पढ़िए मामले से जुड़ी जानकारी
बिजली समस्या को लेकर अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान मामला उस समय गरमा गया, जब कार्तिकेय राणा की CO देवबंद अमित सिंह से तीखी नोकझोंक हो गई। बातचीत के दौरान कार्तिकेय राणा ने CO पर मंत्री की “खाली चापलूसी” करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “वो एक बार मंत्री रहे हैं, हम दो बार मंत्री रहे हैं।” इस पर CO अमित सिंह ने भी जवाब देते हुए कहा, “आप चाहे दस बार रहे हों, मुझे मतलब नहीं।” दोनों के बीच हुई तीखी बातचीत का वीडियो अब चर्चा में है।बताया जा रहा है कि कार्तिकेय राणा ने बिजली विभाग के एक अधिकारी को फोन पर भी जमकर फटकार लगाई।
उन्होंने अधिकारी से बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर उसके घर का कनेक्शन काटने तक की धमकी दी। बातचीत के दौरान उन्होंने अधिकारी से कहा, “दिमाग सेंटर में रखो।”ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति की समस्या के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरने पर बैठे लोगों ने समस्या का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

















































