Bareilly: थाना मीरगंज क्षेत्र के एक गांव में महिला के घर में घुसकर अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानिए क्या है पूरा मामला?
पीड़िता के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की है। आरोप है कि गांव निवासी शेर सिंह उसके घर में जबरन घुस आया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की और मारपीट की। रात अधिक होने के कारण महिला डर गई। आरोप है कि इसके बाद वह किसी तरह घर में सो गई। महिला का कहना है कि मंगलवार सुबह वह घटना की शिकायत करने मीरगंज थाने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में शेर सिंह और उसका दामाद मनोज मिल गए। आरोप है कि दोनों ने महिला को रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मारपीट के कारण उसके घुटने समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
आरोप है कि दोनों ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने पुलिस से शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। घटना के बाद पीड़िता थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इंस्पेक्टर मीरगंज रवि कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर शेर सिंह और मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































