UP: कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी बाजार से एक हादसे की खबर सामने आई है। बता दें कि बाजार में स्थित पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। अचानक लगी इस आग ने काफी हड़कंप मचा दिया।
पढ़िए क्या है पूरा मामला?
दरअसल सोमवार लगभग दोपहर 12 बजे, मनौरी बाजार में मौजूद एक पटाखे की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिसके पश्चात एक के बाद एक धमाके की आवाज आने लगी। हादसे से उठे धुएँ के गुबारों से आस-पास का इलाका ढँक गया। जानकारी के अनुसार, घटना के समय फैक्ट्री में लगभग 20 मजदूर मौजूद थे। फैक्ट्री में आग लगने और तेज धमाकों की आवाज से घटना से जुड़ी खबर तेजी से फैल गई, जिसके बाद आस-पास के ग्रामीण मौके पर आ पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री से अचानक उठे धुएँ के गुब्बारे देखने के बाद, लोग घटनास्थल पर पहुंचे। जब उन्होंने फैक्ट्री में जाना चाहा तो, अचानक एक के बाद एक धमाकों की आवाज आने लगी, जिस कारण कोई भी अंदर नहीं जा सका। बता दें कि पटाखों की ये फैक्ट्री बस्ती से कुछ दूरी पर एक घर में स्थित है। लोगों ने बताया कि मकान के ऊपर से बिजली की तारें भी गुजर रही हैं।
धमाके की आवाज लगभग 2 किलोमीटर की दूरी तक गूंजी थी। माना जा रहा है कि घटना की तीव्रता के कारण पास के 5-7 मकान भी टूट गए हैं। करीब 12 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है जिन्हें चारपाई के जरिए अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे का कारण स्पष्ट होना बाकी है। पुलिस का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही स्थिति साफ तरीके से दिखाई देगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































