बरेली: सुभाषनगर थाना क्षेत्र के बंशी नगला मढ़ीनाथ इलाके में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब 60 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी आशीष मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गणेश नगर गेट के पास से घेराबंदी कर पकड़ा और न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने 28 अगस्त की रात की घटना के संबंध में जानकारी दी। बताया कि वह अपने साथी बाबू उर्फ रोहित और अमित उर्फ भज्जी के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान सचिन कश्यप वहां पहुंच गए और बाबू पर मोहल्ले के बच्चों को बिगाड़ने तथा एक किशोर से चोरी कराने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।
इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। पुलिस के अनुसार, आशीष और अमित ने कथित रूप से सचिन कश्यप को पकड़ लिया। इसी दौरान बाबू उर्फ रोहित घर के अंदर से धारदार हथियार लेकर आया और सचिन के सीने में वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सचिन कश्यप की मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक की पत्नी गुड़िया देवी की तहरीर पर सुभाषनगर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 115(2) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, उनकी मां तथा आशीष मौर्य को नामजद किया गया है।
थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गणेश नगर गेट के पास घेराबंदी कर आशीष मौर्य को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार समेत सिपाही लक्ष्मी चंद, विनीत कुमार, जयपाल सिंह और शिवम कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































