Home Crime Ballia: बार्डर बचाऊं या अपना घर? जम्मू कश्मीर में तैनात फौजी का...

Ballia: बार्डर बचाऊं या अपना घर? जम्मू कश्मीर में तैनात फौजी का छलका दर्द, बलिया में 40 लाख की चोरी, पुलिस के हाथ खाली

Ballia: मैं देश बचाऊं, सरहद की रखवाली करूं या अपने घर की सुरक्षा? यह बेबस और तल्ख सवाल किसी आम नागरिक का नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर बार्डर पर देश की रक्षा में तैनात भारतीय सेना के जवान आशीष कुमार का है। बलिया पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली और उपेक्षा से परेशान होकर फौजी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी व्यथा साझा की है, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला?

मामला बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरनाटार का है। जवान आशीष कुमार के अनुसार, उनका पूरा परिवार देश सेवा में समर्पित है। वे खुद, उनके पिता और भाई सभी भारतीय सेना में तैनात हैं। सीमा पर मुस्तैद रहने के कारण गांव का पुश्तैनी मकान अक्सर बन्द रहता है। इसी सुनेपन का फायदा उठाकर 1 मार्च को बेखौफ चोरों ने घर को निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है की घटना स्थल से मालदह पुलिस चौकी महाराज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। चोरों ने घर के 8-9 ताले तोड़ें, 18-19 बक्से और अलमारियां खंगाल डालीं। बहन की शादी के लिए जुटाए गए गहने, पत्नी-भाभी-मां की ज्वेलरी, नकदी, टीवी और यहां तक कि पूजा घर से चांदी के बर्तन तक समेट ल गए। जवान का दावा है कि करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

ALSO READ: Azamgarh: सोशल मीडिया पर तलवार और डमी कट्टा लहराकर रील बनाना पड़ा भारी, दो युवकों पर पुलिस की कार्रवाई

घटना को बीते 6 महीने का वक्त गुजर चुका है लेकिन बलिया पुलिस के हाथ अब तक खाली है। जवान आशीष का आरोप है कि पुलिस केवल टालमटोल कर रही है। बताया एसपी के पास जाओ तो एसएचओ पास भेजते हैं, एसएचओ के पास जाओ तो दरोगा का रास्ता दिखाते हैं। बताया हमारी यूनिट की तरफ से तीन-चार आधिकारिक पत्र बलिया पुलिस को भेजे गए। मैंने खुद एसपी, डीएम और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय तक 18 से 20 पत्र भेजे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सीमा पर बंदूक थामे जवान अब सिस्टम की बेरुखी से गहरे मानसिक तनाव में है। आशीष का कहना है कि घर का सब कुछ लूट जाने और अफसरों के चक्कर काटने के बाद वे पूरी तरह टूट चुके हैं। जवान ने सीधे सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगाते हुए कहा है कि सरकार इस मामले का संज्ञान ले, लापरवाह अफसरों की जवाबदेही तय करे और चोरों को जेल भेजकर उनका लुटा हुआ सामान वापस दिलाए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)