रायबरेली में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक को लगी गोली, चार पर आरोप, जांच में जुटी पुलिस

रायबरेली: भदोखर थाना क्षेत्र के जफरापुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में शौच के लिए गए एक युवक को गोली लग गई। आनन-फानन में स्वजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवक ने गांव के ही चार लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, जफरापुर निवासी धर्मराज (30) संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के बाहर शौच के लिए गया हुआ था। इसी दौरान उसे गोली लग गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो धर्मराज लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। स्वजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।

ALSO READ: Mirzapur: अपहरण कर जबरन जमीन का बैनामा कराने का आरोप, सपा नेता अवनीश मिश्रा गिरफ्तार

​पुरानी रंजिश की जताई जा रही आशंका

बताया जा रहा है कि घायल धर्मराज एक वर्ष पूर्व हत्या के एक मामले में जेल से छूटकर बाहर आया है। ऐसे में घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही चार लोगों पर गोली मारने का गंभीर आरोप लगाया है।

​जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही भदोखर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले में सीओ सिटी आशीष निगम ने बताया कि घटना की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। स्वजनों से मिली तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)