Home UP News मथुरा के शहीद अग्निवीर सूरज सिंह लेह सड़क हादसे में शहीद, नम...

मथुरा के शहीद अग्निवीर सूरज सिंह लेह सड़क हादसे में शहीद, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

मथुरा: भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स (2 RAJRIF) में तैनात मथुरा के वीर सपूत अग्निवीर सूरज सिंह लेह में हुए सड़क हादसे में वीरगति को प्राप्त हो गए। शहादत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी तेजवीर सिंह ने कहा कि आज सुबह उनका पार्थिव शरीर मथुरा स्थित इंदुपुरम कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचा। तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर जैसे ही उनके घर पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, परिचित और शुभचिंतक अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और नम आंखों से वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Advertisement

Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश

इसके बाद उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सैन्य परंपरा के अनुसार परिजनों ने मुखाग्नि दी। इस दौरान सेना के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से आए लोग मौजूद रहे। ‘भारत माता की जय’ और ‘सूरज सिंह अमर रहें’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

सूरज सिंह की शहादत से पूरे क्षेत्र में गम और गर्व का माहौल रहा। अंतिम संस्कार में जिले के विभिन्न दलों के नेता, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि देश की सेवा करते हुए सूरज सिंह ने अपने प्राण न्योछावर किए हैं। उनकी शहादत को मथुरा हमेशा सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगा। शोक की इस घड़ी में बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ खड़े नजर आए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)