बांदा: बुंदेलखंड की मिट्टी में रची-बसी मिठास अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने जा रही है। बांदा की मशहूर बालूशाही और पारंपरिक सोहन हलुआ की खुशबू यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में बिखरेगी। ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले इस बड़े व्यापारिक मेले में बांदा के बोड़ेराम एंड संस तथा बासु मिष्ठान अपनी मिठाइयों का स्टॉल लगाकर स्थानीय स्वाद को वैश्विक मंच पर पेश करेंगे। इस आयोजन से बांदा की पारंपरिक मिठाइयों को देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाने की उम्मीद है।
एक कौर में बुंदेलखंड का स्वाद, अब दुनिया के सामने
बांदा की बालूशाही और सोहन हलुआ अपनी पारंपरिक मिठास और खास पहचान के लिए जाने जाते हैं। अब इन मिठाइयों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। यहां आने वाले देशी-विदेशी व्यापारी और खरीदार बुंदेलखंड के इस पारंपरिक स्वाद से रूबरू हो सकेंगे। स्थानीय मिठाई कारोबार के लिए यह आयोजन नए बाजार तलाशने का अवसर बन सकता है।
Also Read: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो: ‘स्वच्छ सुजल गांव’ में दिखेगा बदलता उत्तर प्रदेश
ओडीओपी योजना से मिला अंतरराष्ट्रीय मंच
उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त सुधीर श्रीवास्तव के मुताबिक, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में बांदा से विभिन्न श्रेणियों के उद्यमी हिस्सा लेंगे। ओडीओपी के तहत बोड़ेराम एंड संस तथा बासु मिष्ठान का चयन किया गया है। वह ट्रेड शो में बालूशाही और सोहन हलुआ का स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इससे उन्हें संभावित खरीदारों और व्यापारियों से सीधे संपर्क करने का अवसर मिलेगा।
अब नए बाजार में मिठास घोलने की तैयारी
बांदा की पारंपरिक मिठाइयों को बड़े व्यापारिक मंच पर प्रदर्शित किए जाने से स्थानीय कारोबारियों को नए व्यापारिक अवसर मिलने की उम्मीद है। यदि इन उत्पादों को नए खरीदारों की पसंद मिलती है, तो भविष्य में कारोबार का विस्तार भी हो सकता है। बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की यह पहल स्थानीय मिठाई उद्योग के लिए एक नया अवसर लेकर आई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














