UP: पीलीभीत बरखेड़ा थाना क्षेत्र में आयोजित मेले से दो युवकों को पुलिस द्वारा थाने ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों युवक नशे की हालत में नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें संभालते हुए थाने की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के बीच मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
नशे में हुड़दंग की सूचना पर पहुंची पुलिस
बरखेड़ा कोतवाल सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, यह पूरा मामला 22 सितंबर का है। उन्होंने बताया कि मेले में दो युवक कथित तौर पर नशे की हालत में हंगामा कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस के अनुसार दोनों युवक उसकी बात मानने को तैयार नहीं हुए।
Also Read: लखनऊ: हुड़दंग घटना पर CM योगी का बड़ा एक्शन, पूरी चौकी सस्पेंड, DCP, ADCP, ACP भी हटाए गए
समझाने पर नहीं माने तो थाने लाई पुलिस
पुलिस के मुताबिक, स्थिति को देखते हुए दोनों युवकों को मौके से थाने लाया गया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस द्वारा दोनों युवकों को थाने ले जाने का वीडियो बना लिया। बताया जा रहा है कि घटना के तीन दिन बाद शुक्रवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
शांति व्यवस्था के लिए शांतिभंग की कार्रवाई
बरखेड़ा पुलिस के अनुसार, मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों युवकों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि मेले में किसी तरह का विवाद या अव्यवस्था न हो, इसी के मद्देनजर दोनों युवकों को थाने ले जाया गया था।














