UP: जर्जर इंटरलॉकिंग और अधूरा नाला बना मुसीबत, ग्रामीण परेशान

बाराबंकी: तहसील रामनगर क्षेत्र के बडनपुर गांव के फिरोजपुर मोहल्ले से गणेशपुर जाने वाले प्रमुख मार्ग की बदहाली ने ग्रामीणों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिला पंचायत की ओर से मार्ग के एक हिस्से में करीब 50 मीटर लंबाई में लगाई गई इंटरलॉकिंग टाइल्स लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं। बीते चार दिनों से हुई बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। जर्जर इंटरलॉकिंग के आसपास पानी भर जाने से लोगों को इसी जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

यह मार्ग क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे, शिक्षक, बैंक जाने वाले लोग तथा जिला एवं शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान आने-जाने वाले छात्र-छात्राएं इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से पर पानी जमा होने से पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ALSO READ: Saharanpur में कांग्रेसियों का कलेक्ट्रेट पर हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की में जिलाध्यक्ष का फटा कुर्ता

ग्रामीणों का कहना है कि इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क के स्तर से काफी नीचे बैठ गई हैं। बारिश होते ही पानी यहां जमा हो जाता है। समस्या केवल इंटरलॉकिंग तक सीमित नहीं है। जिला पंचायत की ओर से जल निकासी के लिए बनाया जा रहा नाला भी लंबे समय से अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक नाला निर्माण को दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आज तक इसे पूरा नहीं कराया गया। अधूरे नाले के कारण बारिश के पानी की निकासी प्रभावित हो रही है और मार्ग पर जलभराव की समस्या बनी रहती है।

स्थानीय निवासी संतोष, रिंकू आदि ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष राजनारानी रावत को भी मामले से अवगत कराया गया, इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

जौनपुर: एडेड कॉलेजों के शिक्षकों का फूटा गुस्सा, मानदेय बढ़ाने और सेवा विनियमित करने की मांग

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि इंटरलॉकिंग का कार्य जिला पंचायत से कराया गया था, इसलिए इसकी मरम्मत भी जिला पंचायत स्तर से ही होगी। ग्राम प्रधान आशा वर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर से इस कार्य को कराने का अधिकार नहीं है। जिला पंचायत को समस्या की जानकारी दी जा चुकी है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से नाला पूरा कराने तथा जर्जर इंटरलॉकिंग को नए सिरे से दुरुस्त कराने की मांग की है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )