Varanasi में सरकारी सीवर चेंबर से छेड़छाड़, चार युवक हिरासत में, नगर निगम ने दी तहरीर

Varanasi: शहर की सीवर व्यवस्था में कथित रूप से छेड़छाड़ के मामले में नगर निगम ने चार युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। काल भैरव क्षेत्र की भांट गली में सरकारी सीवर चेंबर का ढक्कन खोलकर उसमें उतरने का प्रयास कर रहे एक युवक को स्थानीय पार्षद की सूचना पर नगर निगम की टीम ने पकड़ लिया। उसके तीन साथी मौके से भाग निकले, जिन्हें बाद में पुलिस ने पकड़ लिया। नगर निगम की ओर से आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में तहरीर दी गई है।

जानिए क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, भांट गली में सीवर चेंबर का ढक्कन खोलकर एक युवक उसमें उतरने का प्रयास कर रहा था। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर पार्षद को सूचना दी गई। पार्षद ने नगर निगम की टीम को मौके पर बुलाया, जिसके बाद युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए युवक की पहचान राजन वाल्मीकि के रूप में बताई गई है। उसके साथ मौजूद तीन अन्य युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। नगर निगम के अनुसार, पिछले दिनों शिवाला, सराय नंदन, नगवा समेत आधा दर्जन से अधिक वार्डों की मुख्य सीवर लाइनों की सफाई के दौरान अंदर बालू से भरी बोरियां, लकड़ी का बुरादा, पत्थर, प्लाई और प्लास्टिक जैसी सामग्री फंसी मिली थी। इन सामग्रियों के कारण सीवर लाइन बाधित हो गई थी और कई इलाकों में पानी ओवरफ्लो होने लगा था। सीवर का पानी सड़कों और गलियों में फैलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।

ALSO READ: Raebareli में जमीनी विवाद का खूनी अंत: एम्स में इलाज के दौरान घायल की मौत, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

नगर निगम इस मामले को गंभीर मानते हुए सीवर व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की आशंका के तौर पर जांच करा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी सीवर चेंबर से छेड़छाड़ करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि किसी गैर-विभागीय या अनधिकृत व्यक्ति का सरकारी चेंबर खोलना या उसमें उतरना पूरी तरह अवैध है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे किसी आपराधिक मंशा या अन्य कारण की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)