Sultanpur: समूह सखियों ने मानदेय बढ़ाने को लेकर किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा सात सूत्रीय मांगपत्र

Sultanpur: दूबेपुर ब्लॉक की समूह सखियों ने मंगलवार दोपहर कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद समूह सखियों ने जिलाधिकारी को संबोधित मांगपत्र एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया को सौंपा। उन्होंने मौजूदा दो हजार रुपये मासिक मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने के साथ स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की।

जानिए क्या है पूरा मामला?

समूह सखियों ने बताया कि वे ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक खाते खुलवाने और समूहों को बैंकों से जोड़ने का कार्य करती हैं। इसके अलावा मिशन के तहत आरएफ-सीआईएफ दिलाने और कैश क्रेडिट लिमिट की प्रक्रिया पूरी कराने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि लोकस (LOKOS) ऐप पर डाटा फीडिंग करने और समूह की महिलाओं के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी भी उनके पास है। समूह सखियों का कहना है कि महत्वपूर्ण और जटिल कार्यों के बावजूद उन्हें महज दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। महंगाई के दौर में इतने कम मानदेय से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

ALSO READ: Varanasi में सरकारी सीवर चेंबर से छेड़छाड़, चार युवक हिरासत में, नगर निगम ने दी तहरीर

मांगपत्र में मासिक मानदेय 20 हजार रुपये करने, सभी समूह सखियों को नियमित या नियोजित कार्यकर्ता का दर्जा देने और मानदेय का भुगतान प्रत्येक माह निर्धारित समय पर सीधे बैंक खाते में करने की मांग की गई है। इसके साथ आधिकारिक पहचान पत्र, सेवाएं स्थायी करने, पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा व स्वास्थ्य बीमा तथा लोकस ऐप पर कार्य के लिए मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है। समूह सखियों ने जिलाधिकारी से मांगों को जल्द प्रदेश सरकार तक भेजकर समाधान कराने की अपील की।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)