बाराबंकी में दो साल में ही जर्जर हुई प्रधानमंत्री सड़क, गड्ढों में तब्दील हुआ डामर मार्ग, पटरियां गायब

बाराबंकी: तहसील रामनगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गणेशपुर मोड़ से बड़नपुर होते हुए नारायनपुर तक बनाए गए डामर सड़क मार्ग की हालत महज दो वर्ष में ही खराब होने लगी है। गुरुवार को सड़क की जमीनी स्थिति सामने आई तो कई स्थानों पर डामर उखड़ा मिला और सड़क पर जगह-जगह गड्ढे दिखाई दिए। सड़क के दोनों किनारों पर समुचित पटरियां नहीं बनाए जाने तथा झाड़ियों और जंगल जैसी स्थिति होने से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

करीब 5.45 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कराया गया था। उपलब्ध योजना विवरण के अनुसार सड़क निर्माण कार्य 21 सितंबर 2022 से शुरू हुआ था। निर्माण के साथ पांच वर्ष के अनुरक्षण की व्यवस्था भी की गई है। मार्ग के अनुरक्षण की अवधि 30 दिसंबर 2023 से 29 दिसंबर 2028 तक निर्धारित है और इसके लिए 37.63 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। अनुरक्षण की जिम्मेदारी मैसर्स राहत अली, आदमपुर, जरवल रोड, बहराइच को दी गई है।

ALSO READ: चंदौली में आजीविका समूह की महिलाओं का प्रदर्शन, 2 हजार मानदेय पर जताया आक्रोश

योजना के अनुरक्षण प्रावधानों में वर्षा के बाद झाड़ियों की कटाई, रेन कट्स की मरम्मत, सड़क की पटरियों का रखरखाव, डामर सतह पर बने गड्ढों एवं दरारों की भराई, नालियों का रखरखाव और पुलियों की देखरेख जैसे कार्य शामिल हैं। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर इन कार्यों का समुचित पालन नहीं हो रहा है।

Also Read: लखनऊ: पंचायत चुनाव को लेकर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान, अदालत के निर्देशों का पालन करेंगे, अनिल राजभर पर भी तंज

सड़क के दोनों तरफ कई स्थानों पर पटरियां बदहाल हैं और झाड़ियां सड़क तक पहुंच रही हैं। बारिश होने के बाद सड़क के किनारे पानी जमा होने से डामर की परत कमजोर होकर उखड़ रही है। जगह-जगह गड्ढे होने से बाइक और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सड़क तो बना दी गई करोड़ों रुपए की लागत से लेकिन पटरिया आज तक नहीं बनाई गई। बड़ा भ्रष्टाचार इस प्रधानमंत्री सड़क में हुआ है।

स्थानीय ग्रामीण महेंद्र,राजकुमार,सुखदेव तिवारी,सुशील त्रिवेदी,टुन्नी आदि ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल जांच कराने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने तथा अनुरक्षण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)