वृंदावन: श्रीधाम वृंदावन में प्रख्यात संत प्रेमानंद जी महाराज के शिष्य के साथ हुई संदिग्ध घटना को लेकर संत समाज में गहरा आक्रोश है। इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर फलाहारी धाम के महंत दिनेश फलाहारी जी महाराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है और पूरे प्रकरण की जांच स्वतंत्र एजेंसी सीबीआई से कराने की मांग की है।
पत्र में दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा है कि श्री धाम वृंदावन में प्रेमानंद जी के शिष्य के साथ जो घटना हुई है, उससे संपूर्ण ब्रजमंडल आहत है। संदिग्ध हालात में हुई यह हत्या है या आत्महत्या, इसका सच सामने आना बहुत जरूरी है। इसकी निष्पक्ष जांच अति आवश्यक है, जिसे सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी से कराकर दूध का दूध और पानी का पानी किया जाना चाहिए।
उन्होंने पत्र में लिखा है कि श्रीधाम वृंदावन की पावन भूमि हमेशा से भजन और तप की भूमि रही है। यहां समय-समय पर अनेक सिद्ध महात्मा एवं संत मोक्ष की कामना के लिए आते हैं, जो निरंतर आज भी इस पावन भूमि की शोभा हैं। संत समाज को भी इस घटना से गहरा आघात लगा है। वृंदावन में पीले वस्त्र पहनकर हजारों की संख्या में साधु-संत प्रतिदिन परिक्रमा एवं भजन-साधना करते हैं।
ALSO READ: चंदौली में आजीविका समूह की महिलाओं का प्रदर्शन, 2 हजार मानदेय पर जताया आक्रोश
दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि आज भी उनका मानना है कि 90 प्रतिशत संत शुद्धता के साथ इस पावन भूमि में भजन-ध्यान कर रहे हैं, लेकिन उनकी आड़ लेकर 10 प्रतिशत आपराधिक छवि के लोग भी संत का चोला पहनकर घूम रहे हैं। ऐसे लोगों का सत्यापन होना अति आवश्यक है, जिससे इस पावन धरा की शुद्धता को बचाया जा सके। वृंदावन की गरिमा और संत परंपरा को बनाए रखने के लिए फर्जी वेशधारियों की पहचान जरूरी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि आप समस्त सनातनी हिंदुओं के गौरव हैं, इसलिए इस प्रकरण की उच्च स्तरीय सीबीआई जांच कराकर जो भी दोषी हो, उसे कानून के शिकंजे में लेकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और ब्रजवासियों व संत समाज में विश्वास बना रहे।














