जौनपुर में पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक आरोपी घायल

जौनपुर: जौनपुर के तेजीबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि पिकअप में गौ-वंश लादकर कुछ लोग जौनपुर की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मखदूमपुर तिराहे के पास घेराबंदी की। इसी दौरान बिना नंबर की पिकअप और एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी।

Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश

पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो पिकअप अनियंत्रित होकर खड्डे में फंस गई। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी।

घायल आरोपी की पहचान चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव निवासी करीब 22 वर्षीय छोटू पुत्र सर्फुद्दीन के रूप में हुई है।पुलिस ने मौके से 4 गौ-वंश, एक देसी तमंचा, कारतूस, पिकअप, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)