नोएडा : बर्थडे मनाने मेट्रो स्टेशन पहुंचे फेमस यूट्यूबर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

 

मशहूर यूट्यूबर और इनफ्लुएंसर गौरव तनेजा की एक गलती उनके जन्मदिन पर भारी पड़ गई। गौरव तनेजा (Gaurav Taneja) सोशल मीडिया पर ‘फ्लाइंग बीस्ट’ (Flying Beast) के नाम से जाने-जाते हैं। दरअसल, बीती शाम वो अपना जन्मदिन बनाने नोएडा के सेक्टर 51 में पहुंचे थे। बर्थडे के सेलिब्रेशन के लिए मेट्रो कोच बुक किया गया था। पर इस दौरान कुछ ऐसा हुआ कि नोएडा पुलिस अचानक से आई और गौरव को अरेस्ट करके ले गई। नोएडा पुलिस ने गौरव तनेजा को धारा-144 का उल्लंघन करने के आरोप में मेट्रो स्टेशन से गिरफ्तार किया। आइए आपको भी बताते हैं क्या है पूरा मामला?

पोस्ट से जमा हुई थी भीड़

जानकारी के मुताबिक, मशहूर इनफ्लूएंसर गौरव तनेजा ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट किया था जिसमें फॉलोवर्स को मेट्रो स्टेशन पर इकट्ठा होने के लिए कहा था। इसके बाद सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन पर हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे भगदड़ मच गई। इतना ही नहीं उनकी पत्नी रितु राठी ने एक इंस्टा पोस्ट में जानकारी दी थी कि उन्होंने एक पूरी मेट्रो बुक की थी जिसमें वे तनेजा का जन्मदिन मनाएंगे और केक काटेंगे।

उन्होंने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, “हम एनएमआरसी द्वारा दी गई मेट्रो की क्षमता के भीतर ही रहेंगे लेकिन हम सबसे मिलेंगे जरूर।” इस की वजह से वहां पर काफी भीड़ जमा हो गई और अफरा तफरी मच गई, हालांकि किसी के भी हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।

चूंकि इलाके में धारा 144 लागू थी, ऐसे में तुरंत सूचना के बाद थाना सेक्टर 49 थाना प्रभारी अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और भीड़ को किसी तरह शांत कराया और गौरव को हिसारत में लेकर बाद में गिरफ्तार किया।

बेहद मशहूर हैं गौरव

बता दें कि गौरव तनेजा के इंस्टाग्राम पर 33 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। गिरफ्तारी से छूटने के बाद गौरव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपने परिवार के साथ एक तस्वीर पोस्ट की और जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए अपने प्रशंसकों को धन्यवाद दिया। गौरव तनेजा वर्तमान में भारत में सबसे लोकप्रिय YouTubers में से एक हैं, जिनके तीन YouTube चैनल- ‘फ्लाइंग बीस्ट’, ‘फिट मसल टीवी’ और ‘रसभरी के पापा’ के लाखों सब्सक्राइबर हैं, जहां वह फिटनेस से संबंधित वीडियो व लाइफ व्लॉग बनाते हैं साथ साथ लाइव स्ट्रीम भी करते हैं।

Also Read: मेरठ: बर्थडे पर थाने में सजी महफिल, चौकी इंचार्ज ने हिस्ट्रीशीटर संग काटा केक, खूब छलके जाम, तस्वीरें वायरल

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )