राजेश्वर सिंह के खिलाफ अजय राय की टिप्पणी पर भड़की भाजपा,बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

लनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। अजय राय ने एक सार्वजनिक बयान में डॉ. राजेश्वर सिंह पर प्रदेश और देश को “लूटने” जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों को भाजपा नेताओं और समर्थकों ने पूरी तरह निराधार, आपत्तिजनक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया है। इसके विरोध में डॉ. राजेश्वर सिंह के समर्थक सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया।

शहीद पथ पर विरोध प्रदर्शन

राजेश्वर सिंह के समर्थकों की ओर से जारी सूचना और पोस्टर के अनुसार, अजय राय द्वारा की गई “आपत्तिजनक टिप्पणी” के विरोध में शहीद पथ तिराहा, कानपुर रोड स्थित होटल हॉलिडे इन के सामने सुबह 11 बजे विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. पोस्टर में साफ तौर पर लिखा गया है, ‘आइये, अजय राय को सबक सिखाइये.समर्थकों का कहना है कि यह प्रदर्शन सरोजनी नगर की जनता की भावनाओं की आवाज है और किसी भी सूरत में विधायक के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा।

Also read:लखनऊ में अतिक्रमण-ट्रैफिक जाम पर ‘आर-पार’ की लड़ाई का ऐलान, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के सामने शपथ से पहले ही आंदोलन की चेतावनी 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, रविवार को सरोजनी नगर के नटकुर स्थित मैदान में कांग्रेस द्वारा आयोजित संविधान संवाद महापंचायत में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखे हमले किए. उन्होंने किसानों की जमीन छीने जाने, उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने और सोनभद्र जैसे मामलों में न्याय न मिलने के आरोप लगाए. इसी दौरान उन्होंने सरोजनी नगर विधानसभा और वहां के विधायक को लेकर भी बयान दिया, जिसे भाजपा ने ‘अपमानजनक और अमर्यादित’ करार दिया।अजय राय के बयान के बाद भाजपा खेमे में नाराजगी फैल गई. पार्टी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस नेता जानबूझकर लोकप्रिय विधायक की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाजपा नेताओं का आरोप

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अजय राय ने अपने बयान में विधायक पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में रहते हुए देश और प्रदेश को लूटने जैसे गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, इन आरोपों के लिए कोई ठोस प्रमाण नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि ऐसे बयान न केवल एक जनप्रतिनिधि की छवि को धूमिल करने का प्रयास हैं, बल्कि ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं और प्रशासनिक सेवाओं का भी अपमान है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी और कानून के दायरे में रहकर कार्य किया है।इस प्रदर्शन के कारण कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात बाधित हुआ। पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारी दूसरी पटरी पर चले गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

INPUT-ANANYA MISHRA

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)