कुंदरकी में फिर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, आठ दिन में दूसरा हादसा

मुरादाबाद : मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फरेहैदी हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। शुक्रवार की देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, फरेहैदी गांव निवासी लक्ष्मण (27 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश पेशे से फूल-माली का काम करता था। वह अपने भाइयों में तीसरे नंबर का था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को लक्ष्मण घर से बिना बताए कहीं निकल गया था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। देर रात फरेहैदी हाल्ट के पास वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्राम प्रधान ने की शिनाख्त

शनिवार तड़के रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव देखकर स्थानीय लोगों ने शोर मचाया। घटना की जानकारी मिलते ही कुंदरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान धर्मेंद्र कुमार को दी। ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान लक्ष्मण के रूप में की और उसके परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

युवक की मौत की खबर मिलते ही मां प्रेमवती, भाई मुरारी लाल और दिनेश सैनी सहित पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई।

Also Read : यूपी में मौसम का कहर! CM योगी ने अधिकारियों को दिया फील्ड पर उतरने का निर्देश, मुआवजे का ऐलान

आठ दिन पहले भी बुजुर्ग ने गंवाई थी जान

फरेहैदी हाल्ट के पास लगातार हो रहे इन हादसों को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और चिंता है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब आठ दिन पहले भी इसी रेलवे ट्रैक पर ईंधनपुर नगला निवासी एक 60 वर्षीय बुजुर्ग (बालवीर पुत्र त्रिमल) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। आठ दिनों के भीतर एक ही जगह पर यह दूसरा बड़ा हादसा है।

सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

लगातार हो रही इन दर्दनाक घटनाओं से ग्रामीणों में रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। ग्राम प्रधान और स्थानीय निवासियों का कहना है कि फरेहैदी हाल्ट के आसपास सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।

ग्रामीणों ने रेलवे विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील क्षेत्र में तुरंत सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और ट्रैक के आसपास आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)