बहराइच में नहर विभाग की जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 3 मकान और दुकान ध्वस्त

बहराइच: हुजूरपुर थाना क्षेत्र के धनपारा गांव में नहर विभाग की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान तीन मकानों और एक दुकान को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।

तहसीलदार पयागपुर अंबिका प्रसाद चौधरी ने बताया कि यह कार्रवाई लखनऊ हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। नहर विभाग की जमीन पर कुछ लोगों ने लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा था। राजस्व विभाग की ओर से कब्जा हटाने के लिए पहले भी संबंधित लोगों को निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

Also Read: UP: मथुरा-वृंदावन नगर निगम होगा हाईटेक, भूतेश्वर मुख्यालय के हर कोने पर लगेंगे CCTV, हर गतिविधि पर रहेगी नजर

अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित लोगों को कई बार स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद कब्जा बरकरार रहने पर प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार पयागपुर अंबिका प्रसाद चौधरी, नायब तहसीलदार विशेश्वरगंज निशांत राना, कानूनगो रामलाल, लेखपाल पंकज व सौरभ पाठक समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी और हुजूरपुर थाने की पुलिस टीम मौजूद रही। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)