फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के कुइंया गांव में देर रात चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां शिक्षक के घर में घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले लोहे की सरिया से हमला किया और फिर फायरिंग कर दी, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो शातिर बदमाशों को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब दो से ढाई बजे के बीच की है। कुइंया गांव निवासी शिक्षक नेता भूपेश पाठक के घर में तीन बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर घुस गए। घर के अंदर आहट होने पर प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक वैभव पाठक की आंख खुल गई। उन्होंने चोरों का विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर सुनकर उनके छोटे भाई भानु प्रताप पाठक, जो सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और घर से काम कर रहे थे, मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली भानु प्रताप के कंधे में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
Also Read : बलिया में गरजा बुलडोजर, दुबहर रिंग बंधा मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण
गोली चलने की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घेराबंदी कर दो बदमाशों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान कुलवंत (25) और उमेश (45) निवासी बीबीपुर, थाना अमिलिया सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सीतापुर जनपद के हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं और उनके खिलाफ चोरी समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
घायल वैभव और भानु प्रताप को आनन-फानन में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि भानु प्रताप को गोली लगने की आशंका के चलते एक्स-रे कराया जा रहा है, जबकि दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि तीन बदमाश घर में घुसे थे, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से नकदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।














