सपा नेता सुबोध यादव के घर पुलिस का नोटिस चस्पा, दो दिन में बयान दर्ज कराने का निर्देश

फर्रुखाबाद। जिले में दर्ज एक चर्चित धोखाधड़ी मामले ने अब राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराए गए मुकदमे की जांच कर रही पुलिस ने समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुबोध यादव के आवास पर नोटिस चस्पा कर उन्हें दो दिन के भीतर बयान दर्ज कराने के लिए उपस्थित होने का अल्टीमेटम दिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, एटा जनपद के अलीगंज से पूर्व विधायक रहे रामेश्वर सिंह यादव के पुत्र और सपा नेता सुबोध यादव ने बीते 12 मई को न्यायालय के आदेश पर मऊदरवाजा थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे में सदर तहसील के उपनिबंधक रविकांत और कंप्यूटर ऑपरेटर प्रदीप सक्सेना पर धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह को सौंपी है। जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए दोपहर विवेचक अपनी टीम के साथ सुबोध यादव के जेएनबी रोड स्थित आवास पहुंचे, लेकिन वहां मकान बंद मिला और मुख्य गेट पर ताला लटका मिला।

Also Read – दुस्साहसिक वारदात : शिक्षक के घर चोरी करने घुसे बदमाशों ने दो भाइयों को मारी गोली, दो हिस्ट्रीशीटर दबोचे

काफी देर इंतजार के बाद जब कोई नहीं पहुंचा तो पुलिस टीम ने नियमानुसार घर के मुख्य गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया। नोटिस में सुबोध यादव को दो दिन के भीतर थाने पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराने तथा घटनास्थल के निरीक्षण में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि विवेचना प्रक्रिया को पूरा करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा में पक्षकार पुलिस जांच में सहयोग नहीं करता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है और लोग आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)