जयपुर में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके पर हमला, प्रदर्शन के दौरान युवकों ने जड़े थप्पड़ ही थप्पड़

जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ मारपीट की घटना सामने आई। कई युवकों ने कथित तौर पर अभिजीत को थप्पड़ मार दिए, जिसके बाद मौके पर मौजूद उनके समर्थकों ने दोनों युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। घटना के बाद कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

शिक्षा और बेरोजगारी के मुद्दों पर जुटे थे प्रदर्शनकारी

अभिजीत दीपके नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जयपुर पहुंचे थे। सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जाहिर की।

Also Read: क्यों सुर्खियों में है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ और कौन हैं इसके संस्थापक अभिजीत दीपके?

भाषण में सांप्रदायिक राजनीति पर साधा निशाना

घटना के बाद अभिजीत दीपके ने मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में हिंदू-मुस्लिम और जाति आधारित राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, लेकिन युवाओं को ऐसे मुद्दों में उलझने के बजाय अपने अधिकारों और मूल समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की आजादी बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है और समाज को बांटने की कोशिशों से सावधान रहने की जरूरत है।

20 जून को दिल्ली कूच का ऐलान

CJP संस्थापक ने घोषणा की कि उनकी पार्टी 20 जून को दोबारा दिल्ली कूच करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं हो जाता। प्रदर्शन के दौरान “दिल्ली चलो” के नारे लगाए गए और अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Also Read: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने मचाया डिजिटल भूचाल, इंस्टाग्राम पर 72 घंटे में 5.5 MILLION युवा जुड़े!

नारेबाजी को लेकर विवाद, मोबाइल चोरी की शिकायतें

धरना स्थल पर कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर विवाद भी हो गया, जिसके बाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। वहीं कई प्रदर्शनकारियों ने अपने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत की। मंच से लोगों से अपने सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई। प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने तिरंगा और भ्रष्टाचार विरोधी संदेश वाले पोस्टर हाथों में लेकर पेपर लीक के खिलाफ आवाज बुलंद की।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)