चंदौली: पूर्वांचल में पेट्रोल-डीजल संकट पर भड़के ऑल इंडिया मोटर्स के सदस्य, इंडियन ऑयल अधिकारियों पर लगाए लापरवाही के आरोप

चंदौली: पूर्वांचल के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने को लेकर ऑल इंडिया मोटर्स के सदस्य इश्तखार भाई ने इंडियन ऑयल के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण पूर्वांचल के दर्जनों पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की किल्लत बनी हुई है, जिससे आम जनता के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

मीडिया से बातचीत में इश्तखार भाई ने बताया कि इंडियन ऑयल के अधिकारियों से कई बार समस्या के समाधान को लेकर बातचीत की गई, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. उनका कहना है कि अधिकारी यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि जब सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, तब आखिर पूर्वांचल के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन संकट क्यों बना हुआ है.

Also Read:‘महंगाई मानव मोदी की फिर से स्ट्राइक…’, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला

उन्होंने कहा कि इस समय खेती का मौसम चल रहा है और किसानों को ट्रैक्टर चलाने के लिए डीजल की आवश्यकता है. वहीं, रोजमर्रा के कामों के लिए लोगों को पेट्रोल नहीं मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इंडियन ऑयल के सेल्स ऑफिसर और अन्य संबंधित अधिकारी समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं.

इश्तखार भाई ने बताया कि इस संबंध में बाबतपुर स्थित डिवीजनल मैनेजर से भी शिकायत की गई थी. अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.

Also Read: देवरिया-तेल संकट की अफवाहों के बीच बड़ी कार्रवाई

उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की कमी सरकार की ओर से नहीं है, बल्कि अधिकारियों की कार्यशैली के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. उन्होंने मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि पूर्वांचल के पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति जल्द सामान्य हो सके.

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )